सिवनी मालवा / जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में 13 लोगों की मौत के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शहर के प्रमुख स्थल गांधी चौक पर एकत्रित हुए युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने “जिम्मेदारों को बर्खास्त करो”, “पर्यटन मंत्री इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस नेताओं ने इस हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया। उनका कहना था कि बरगी डैम जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। न तो यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था थी और न ही आपात कालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध थे।
नगर अध्यक्ष हेरिसन स्वामी ने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो इतनी बड़ी जनहानि टाली जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार विभागों ने नियमों को नजरअंदाज किया, जिसका खामियाजा निर्दोष लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। युवक कांग्रेस ने मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की बात भी कही। कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग रखी कि हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह हादसा केवल एक घटना नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने मांग की कि सभी पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए, नियमित निरीक्षण किया जाए और लाइफ सेविंग उपकरणों की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विकास राजपूत विधानसभा अध्यक्ष युवक कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर स्वदेश शर्मा नगर अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी, हैरिसन स्वामी युवक कांग्रेस नगर अध्यक्ष, विकास राजपूत विधानसभा अध्यक्ष, कांग्रेस नेता गोपालकृष्ण शर्मा, पृथ्वीराज रघुवंशी, पार्षद दीपक दीक्षित, देवेंद्र रघुवंशी, देवेन्द्र यादव, विकास पाठक, कृष्णकांत मानिक, पंकज चौरे, अजय भाटी, राजा पटेल, शैलेंद्र राजपूत, देवेंद्र भाटी, साजिद कुरैशी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

