सिवनी मालवा / नंदरवाड़ा रोड पर स्थित बराखड़ के वेयरहाउस परिसर में किसानों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया। इस दौरान हेल्मेट लगाने के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रेडियम पट्टी भी लगाई गई, ताकि रात के समय होने वाले हादसों से बचाव किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने उपस्थित किसानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि हेल्मेट पहनने से दुर्घटना के समय जान का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रेडियम लगाने से रात में वाहन दूर से ही दिखाई देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना घटती है। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने जागरूकता अभियान की सराहना की और सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। पुलिस द्वारा समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

