
सिवनी मालवा / नगर से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित आस्था का प्रमुख केंद्र श्री भीलट बाबा स्थल पर व्याप्त गंदगी को लेकर कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित ने जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मेले के समापन के करीब एक माह बाद भी साफ-सफाई नहीं होने की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। दीपक दीक्षित ने बताया कि जनपद पंचायत द्वारा मेले के दौरान दुकानदारों से किराया वसूला जाता है, लेकिन आयोजन समाप्त होने के एक माह बाद भी परिसर में फैली गंदगी को अब तक नहीं हटाया गया है। मंदिर परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे आसपास बदबू फैल रही है और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
साथ ही दीपक दीक्षित ने एस डी एम विजय राय को एक ओर जनसमस्या से अवगत कराते हुए बताया कि नंदरबाड़ा रोड पर एक विशाल आम का पेड़ गिर गया है, जिस कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा राहगीरों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित विभाग द्वारा तत्काल प्रभाव से साफ-सफाई कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
दोनों समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विजय राय ने मौके पर ही जनपद पंचायत सीईओ श्रुति चौधरी से चर्चा की। इसके बाद सीईओ श्रुति चौधरी ने भीलट बाबा परिसर में तुरंत साफ-सफाई कराने के निर्देश जारी किए।
अंत में दीपक दीक्षित ने तत्काल कार्यवाही के लिए एस डी एम विजय राय और सी ई ओ श्रुति चौधरी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुदेश शर्मा, हैरिसन स्वामी, दीपक दीक्षित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

