

नर्मदापुरम / देवर्षि नारद जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में भैया जी चन्ने सेवा न्यास द्वारा पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ एवं सक्रिय पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार सतीश एलिया ने देवर्षि नारद को ‘आद्य पत्रकार’ बताते हुए उनके उत्कृष्ट संचार कौशल एवं लोक कल्याणकारी पत्रकारिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नारद जी के पदचिन्हों पर चलकर आज के पत्रकार समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी अनिल अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो हर परिस्थिति में समाज की आवाज को बुलंद करता है। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. आशुतोष शर्मा ने पत्रकारों को समाज का ‘दर्पण’ बताते हुए कहा कि वे सच्चाई को सामने लाने का साहस रखते हैं। इस अवसर पर विभाग प्रचार प्रमुख संतोष नोरिया ने प्रचार विभाग की कार्यप्रणाली, संघ शताब्दी वर्ष और पंच परिवर्तन एवं उसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन रामभरोस मीना ने किया। आभार प्रदर्शन राजेंद्र गिरी ने किया। इन पत्रकारों का हुआ सम्मान समारोह में विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को सम्मानित किया गया, जिनमें वरिष्ठ पत्रकार और नर्मदांचल पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, भवानी सिंह राठौर, आजाद सरवैया, दयाराम फौजदार, सौरभ तिवारी, राहुल वशिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार लता तिवारी, कमलेश चौधरी, रुद्र प्रताप, राजेश तिवारी, अनिल यादव, मदन शर्मा, शैलेंद्र कौरव, प्रदीप गुप्ता सहित अन्य पत्रकार का सम्मान हुआ। कार्यक्रम में आशीष गुप्ता, राजेंद्र गिरी एवं संजय डोर, गोविंद चौधरी शामिल रहे। कार्यक्रम में सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करते हुए समाज में सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देना रहा।

