

नर्मदापुरम / सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में इटारसी– नर्मदापुरम विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने, वार्ड एवं ग्राम स्तर पर समितियों के गठन तथा आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव उषा नायडू ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों, वार्ड समितियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम समितियों के गठन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की ताकत है और प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुंचानी होगी। इस अवसर पर जिला प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना होगा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना होगा। विधानसभा प्रभारी नवनीत मालवीय ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। बैठक के अंत में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव उषा नायडू ने पुनः सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सभी मिलकर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाएं। इस अवसर पर मंच पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन झलिया, जिला संगठक मधुसूदन यादव, मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग बिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी, इटारसी नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी, नर्मदापुरम शहर अध्यक्ष कमलेश बाथरे, ग्रामीण अध्यक्ष अनुराग महैया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

