
सिवनी मालवा / सिवनी मालवा क्षेत्र के नंदरवाड़ा, बारासेल, पीपलगोटा, नयागांव, नपुपुरा और भमण्दा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बस सेवा बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिवनी मालवा से इन गांवों के लिए चलने वाली एकमात्र बस पिछले करीब एक माह से बंद है, जिसके कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बस बंद होने के बाद अब उन्हें मजबूरी में ऑटो का सहारा लेना पड़ रहा है, जो न केवल महंगा है बल्कि कई बार क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के कारण जोखिम भरा भी साबित हो रहा है। जान जोखिम में डालकर यात्रा करना उनकी मजबूरी बन गया है। आदिवासी महिला राम बाई ने बताया कि इस समय गर्मी के साथ-साथ शादी-विवाह का सीजन भी चल रहा है, जिससे लोगों को बाजार आना-जाना पड़ता है, लेकिन साधनों के अभाव में काफी दिक्कतें हो रही हैं। कई बार घंटों इंतजार के बाद भी कोई वाहन नहीं मिलता और अंततः ऑटो से सफर करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बस सेवा पुनः शुरू कराई जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा मिल सके। वहीं, इस समस्या को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई जा रही है।

