
नर्मदापुरम / शहर रिवर व्यू कॉलोनी फेज-1 और फेज-2 में रात के अंधेरे में अवैध रेत परिवहन किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय रहवासियों के अनुसार, कॉलोनी में निर्माणाधीन मकानों के लिए रात करीब 12 बजे के बाद 16 चक्का ट्रकों से रेत लाई जा रही है। आरोप है कि यह रेत बिना रॉयल्टी के लाई जा रही है और नो-एंट्री के बावजूद ट्रकों को कॉलोनी के भीतर प्रवेश दिया जा रहा है।
रहवासियों का कहना है कि रात करीब 2 बजे रेत से भरे ट्रक कॉलोनी में पहुंचते हैं। आरोप यह भी है कि गेट पर तैनात गार्ड से मिलीभगत या लेन-देन कर ट्रकों को अंदर प्रवेश दिलाया जाता है। इसके बाद कॉलोनी के अंदर निर्माण स्थलों पर रेत खाली करवाई जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिलसिला प्रतिदिन चल रहा है, जिससे कॉलोनी के लोग खासे परेशान हैं।
रहवासियों ने बताया कि देर रात रेत माफिया या ट्रक से जुड़े लोग घरों के दरवाजे खटखटाकर बाहर खड़े वाहन हटाने के लिए कहते हैं, ताकि ट्रक अंदर जाकर रेत खाली कर सके। लोगों का कहना है कि रात 2 बजे किसी महिला या परिवार के घर का दरवाजा खटखटाना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला है। इससे कॉलोनी में भय और असुविधा का माहौल बन रहा है।
आरोप है कि कॉलोनी में बन रहे मकानों के ठेकेदार और मकान मालिक अवैध रेत सप्लाई करने वालों से मिलीभगत कर बिना रॉयल्टी रेत मंगवा रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में एसडीएम, पुलिस अधिकारी और न्यायाधीश भी रहते हैं, इसके बावजूद रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं।
इस पूरे मामले को लेकर कॉलोनी के कुछ जागरूक नागरिकों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला परिवहन अधिकारी से शिकायत करने की बात कही है। रहवासियों ने मांग की है कि रात के समय हो रहे अवैध रेत परिवहन, नो-एंट्री में ट्रकों की आवाजाही और बिना रॉयल्टी रेत सप्लाई की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

