

सिवनी मालवा / भीषण गर्मी के इस दौर में जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पशुओं और पक्षियों के लिए पेयजल एवं दाना-पानी की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे उन्हें इस तपती गर्मी में राहत मिल सके।
150 स्थानों पर की गई विशेष व्यवस्था….
नगर पालिका द्वारा पशुओं के लिए लगभग 50 स्थानों पर पानी के पात्र रखवाए गए हैं, वहीं पक्षियों के लिए 100 चयनित स्थानों पर जल एवं दाना पात्र स्थापित किए गए हैं। यह व्यवस्था पूरे गर्मी के मौसम में निरंतर जारी रखने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि किसी भी बेजुबान जीव को प्यास और भूख का सामना न करना पड़े।
जनसहभागिता से अभियान को मिल रही मजबूती…..
नगर पालिका ने इस पहल को जनसहयोग से जोड़ते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों, दुकानों और आसपास के स्थानों पर पानी के पात्र रखें और नियमित रूप से स्वच्छ पानी भरें। साथ ही पक्षियों के लिए दाना रखने का भी आग्रह किया गया है, ताकि अधिक से अधिक जीवों को राहत मिल सके।
अध्यक्ष और सीएमओ का कहना…..
नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने कहा कि “भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। नगर पालिका द्वारा यह अभियान इसी भावना के साथ शुरू किया गया है और हमें खुशी है कि इसमें नागरिकों का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है।” वहीं नगर पालिका सीएमओ अमर सिंह उईके ने बताया कि “नगर के विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से पानी और दाना की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। हमारी टीम इस बात का ध्यान रख रही है कि पात्रों में स्वच्छ पानी उपलब्ध रहे। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे भी इस मुहिम में सहभागी बनें और बेजुबान जीवों की मदद करें।”
मानवता का संदेश दे रही पहल…….
नगरवासियों ने इस अभियान की सराहना करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया है। नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा की यह पहल न केवल सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रही है। यह संदेश देती है कि “आइए हम सभी मिलकर पशु-पक्षियों के लिए जीवन का सहारा बनें, यही सच्ची सेवा और मानवता है।”

