
नर्मदापुरम / इटारसी के न्यास क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर उठाई गई आवाज आखिरकार रंग लाई। अधिवक्ता सिद्धार्थ आर्य द्वारा लगातार मुद्दा उठाने और स्थिति को सार्वजनिक करने के बाद नगर पालिका हरकत में आ गई है और बंद पड़े ट्यूबवेल पर सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि क्षेत्र में पिछले लगभग चार माह से ट्यूबवेल बंद पड़े थे, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए सिद्धार्थ आर्य ने मौके का निरीक्षण कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। अब नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन और ट्यूबवेल को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह कार्रवाई सिद्धार्थ आर्य के प्रयासों का ही परिणाम है। हालांकि, उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि केवल अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।

