
नर्मदापुरम / गुरुवार रात के रसूलिया स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में प्लाट के नाप-जोख के दौरान पूर्व भाजपा पार्षद मुन्ना यादव (ग्वाला) और पुलिस आरक्षक प्रकाश बरखने उर्फ सोनू के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस झड़प में दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाजी हुई, जिसमें आरक्षक प्रकाश बरखने, मुन्ना ग्वाला और उनके बेटे समर्थ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए मुन्ना ग्वाला के अनुसार, प्रकाश बरखने पिछले दो सालों से उनसे मुफ़्त में प्लाट मांग रहा था। जब मुन्ना ग्वाला अपने प्लाट की नपती करवा रहे थे, तब प्रकाश ने उनसे विवाद शुरू कर दिया और उनके सिर पर पत्थर से वार किया दूसरी ओर, प्रकाश बरखने का पक्ष है कि मुन्ना ग्वाला और उनके बेटे ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद दोनों पक्ष खून से सने हालत में थाने पहुंचे और अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराई। देहात थाने के एसआई अरविंद बेले ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रकाश बरखने की शिकायत पर मुन्ना ग्वाला और उनके बेटे समर्थ के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं मुन्ना ग्वाला की शिकायत पर प्रकाश बरखने, वीरेंद्र चौहान और एक अन्य के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज हुआ है. रात 11.30 बजे दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किए गए, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

