
नर्मदापुरम / माँ नर्मदा को निर्मल, अविरल एवं स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, नर्मदापुरम द्वारा चयनित नवांकुर संस्थाएँ वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था तथा वसुंधरा सामाजिक संस्था, बीसारोडा के संयुक्त तत्वावधान में ‘नर्मदा सेवा समागम’ कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन घाट, नर्मदापुरम में किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत घाट परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई तथा माँ नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित जनों ने माँ नर्मदा से संवाद कर प्रार्थना की, कि वे समस्त जनमानस को सद्बुद्धि प्रदान करें, जिससे प्रत्येक व्यक्ति माँ नर्मदा को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित हो और उनका पावन जल सदैव निर्मल बना रहे। संस्था के आनंद नामदेव ने कहा कि माँ नर्मदा का जल स्वच्छ रहने से जलचर सुरक्षित रहेंगे, जल पीने योग्य बना रहेगा तथा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की व्याधि का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह कार्यक्रम जिला समन्वयक पवन सहगल एवं ब्लॉक समन्वयक नरेंद्र देशमुख के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संतोष पचलानिया, दीपेश पटेल, देवीशरण चौरे, आशीष नामदेव, आदित्य परसाई, विशाल सगर, मदनमोहन बड़कर, श्रीमती अनुराधा पटेल, श्रीमती सुरेखा चौरे सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष नरेंद्र पटेल द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

