
नर्मदापुरम / जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में प्रगतिरत नल-जल योजनाओं, प्रारंभ एवं पूर्ण हो चुकी योजनाओं की विकासखंडवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विधानसभा वार स्वीकृत रिट्रोफिटिंग एवं नवीन नल-जल योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घरेलू नल कनेक्शन की अद्यतन स्थिति की बारीकी से समीक्षा करते हुए लक्ष्य अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, विधायक पिपरिया ठाकुरदास नागवंशी, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, ईई पीएचई मुजीब अल हसन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में उपस्थित सांसदों, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त फीडबैक पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिन योजनाओं में बोरवेल क्रियाशील नहीं हैं, उनका तत्काल चिन्हांकन कर नए बोरवेल खोदने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि जलापूर्ति बाधित न हो। जिले के प्रत्येक स्थान पर सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग 24×7 सक्रिय रहकर कार्य करें। जल आपूर्ति के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत अनुविभाग स्तर पर ही सुलझाई जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी विशेष कोताहि बरतें इस प्रकार की शिकायत जिला स्तर तक न पहुंचे, ऐसी शिकायतों का निराकरण त्वरित एवं प्रभावी रूप से अनु विभाग अथवा पंचायत स्तर पर ही किया जाए।

