

नर्मदापुरम / नर्मदापुरम जिले में सुशासन एवं नागरिक सेवाओं को प्रभावी बनाने हेतु जिला प्रशासन निरंतर सक्रिय है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। दूरभाष के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर भी समान प्राथमिकता के साथ कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में सिवनी मालवा तहसील अंतर्गत ग्राम चापड़ाग्रहण के निवासियों द्वारा शासकीय स्कूल की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत कलेक्टर श्री मिश्रा को प्राप्त हुई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर द्वारा तत्काल एसडीएम सिवनी मालवा विजय राय एवं तहसीलदार शिवपुर को मौके पर जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर के निर्देशों के पालन में बुधवार को एसडीएम विजय राय के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच उपरांत स्कूल भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। साथ ही पंचायत एवं स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से भूमि की सुरक्षा हेतु मौके पर तार फेंसिंग भी कराई गई। समस्या के त्वरित एवं प्रभावी समाधान से ग्रामवासियों में संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन की संवेदनशीलता एवं तत्परता की सराहना की एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।

