
सिवनी मालवा / ग्राम भमेड़ीदेव स्थित भान बाबा मंदिर में बुद्ध पूर्णिमा के दिन आयोजित होने वाले बलि मेले पर रोक लगाने की मांग को लेकर समाजसेवियों और पशु प्रेमियों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा के दिन धार्मिक मान्यता के नाम पर मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में बकरे-मुर्गों की बलि दी जाती है। समाजसेवी पुरषोत्तम पटेल के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में तर्क दिया गया कि तथागत बुद्ध ने सभी प्राणियों के प्रति दया-करुणा का संदेश दिया और प्राणी हिंसा को वर्जित बताया था। बुद्ध पूर्णिमा के पावन दिन पर जीवहत्या करना बुद्ध के सिद्धांतों के विपरीत है।
निवेदकों ने जिला प्रशासन का ध्यान इस विरोधाभास की ओर दिलाया कि एक तरफ नवागत कलेक्टर भीषण गर्मी में बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करवा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर धार्मिक आस्था के नाम पर सामूहिक पशु बलि की तैयारी है।
समाजसेवियों ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा प्राणीरक्षा-जीवरक्षा करने वाली सभी संस्थाओं से अनुरोध किया है कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन भान बाबा मंदिर में दी जाने वाली बलि-जीवहत्या को तत्काल रोका जाए। ज्ञापन पर पुरषोत्तम पटेल सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

