इटारसी / आजकल जितनी सुविधाएं बढ़ रही हैं, उतना नुकसान भी हो रहा है। आज जब जमाना डिजिटल की ओर जा रहा है, तो इसमें डिजिटल ठगी भी लोगों के साथ हो रही है और वह लाखों की रकम से हाथ धो बैठ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला इटारसी शहर की न्यास कॉलोनी में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात जालसाजों ने एक व्यक्ति को अपना निशाना बनाते हुए करीब 42 लाख रुपये की बड़ी चपत लगाई है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला…..
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी तरंग चौरे 46 वर्ष, पिता मदन मोहन चौरे, निवासी न्यास कॉलोनी इटारसी के साथ यह धोखाधड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि यह ठगी का सिलसिला 05 जुलाई 2025 की दोपहर करीब 1 बजे से शुरू हुआ था, जो 11 नवंबर 2025 की शाम 5 बजे तक चलता रहा। इस लंबी अवधि के दौरान अज्ञात आरोपियों ने फरियादी को अपने झांसे में लेकर कुल 42,00,000 रुपये की धोखाधड़ी की।
फरियादी द्वारा मामले की जानकारी दिए जाने के बाद, इटारसी पुलिस ने 29 अप्रैल 2026 की रात मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। अब देखना होगा कि यह साइबर ठग कब पुलिस की गिरफ्त में होगा।

