
सिवनी मालवा / बायपास मार्ग पर झाड़ियों में घायल अवस्था में पड़े एक बंदर के शावक को स्थानीय युवाओं ने समय रहते बचाकर मानवता की मिसाल पेश की। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र निवासी छुटकी पाल की नजर झाड़ियों में पड़े घायल शावक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना गौभक्त आकाश यादव, रवि और कन्हैया बाथव को दी। सूचना मिलते ही तीनों युवक मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक शावक को झाड़ियों से बाहर निकाला। इसके बाद घायल शावक को तत्काल पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पशु चिकित्सक डॉ. सतीश दुबे ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद आकाश यादव शावक को आगे की देखभाल के लिए गौशाला ले गए, जहां उसकी नियमित देख रेख की जा रही है। इस सराहनीय पहल ने क्षेत्र में जीवों के प्रति संवेदनशीलता और मानवता का संदेश दिया है। स्थानीय लोगों ने युवाओं के इस कार्य की प्रशंसा की है।
:::

