

इटारसी / शहर के न्यास क्षेत्र में खुले पड़े चैंबर अब आम नागरिकों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। क्षेत्र में कई जगह सीवर चैंबर बिना ढक्कन के खुले पड़े हैं, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और खासकर बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा इसे नजरअंदाज किया जा रहा है। हाल ही में एक घटना में एक कार का पहिया खुले चैंबर में जा फंस गया। गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई व्यक्ति या बच्चा मौजूद नहीं था, वरना यह एक बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता था। इस घटना ने क्षेत्र में फैली लापरवाही और अव्यवस्था को उजागर कर दिया है।
सामाजिक कार्यकर्ता सिद्धार्थ आर्य ने इस गंभीर मुद्दे को नगर पालिका के सामने उठाया है। उन्होंने इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को पत्र लिखकर न्यास क्षेत्र की कई छोटी-बड़ी समस्याओं से अवगत कराया है। सिद्धार्थ आर्य का कहना है कि यदि समय रहते इन खुले चैंबरों को कवर नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ी और जानलेवा दुर्घटनाएं हो सकती हैं। आज जिस तरह एक कार का पहिया चैंबर में फंस गया, उसी तरह किसी दिन कोई राहगीर, बुजुर्ग या मासूम बच्चा इसका शिकार हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर प्रशासन की लापरवाही पर आएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक छोटी समस्या नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है, जिसे नजरअंदाज करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने नगर पालिका से सख्त मांग की है कि क्षेत्र में मौजूद सभी खुले चैंबरों की तत्काल पहचान कर उन्हें मजबूत ढक्कनों से ढका जाए और जहां ढक्कन टूटे हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए। इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका से नियमित निरीक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो इसे जनआंदोलन के रूप में उठाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

