
सिवनी मालवा / दिनांक 29 अप्रैल 2026 को थाना सिवनी मालवा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि नंदरबाडा बायपास क्षेत्र से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग बालिका खुशबू उर्फ लड्डू, पिता शमीर खान, उम्र लगभग 8 वर्ष, सुबह करीब 9 बजे घर से कहीं चली गई है। बालिका गुलाबी टी-शर्ट और सफेद चड्डा पहने हुई थी। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर अपने पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बालिका की तलाश शुरू कर दी गई।
त्वरित कार्रवाई और सर्च ऑपरेशन….
थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नागेश वर्मा, आरक्षक कपिल जाट, आरक्षक अर्जुन गुर्जर एवं आरक्षक रविन्द्र की टीम ने क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया। साथ ही बालिका की जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की गई, जिससे आम नागरिकों से सहयोग प्राप्त हो सके। पुलिस द्वारा मुख्य मार्गों, बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश की गई।
बस स्टैंड पर सकुशल मिली बालिका….
लगभग दोपहर 1 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली कि बालिका मुख्य मार्ग पर देखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ ने परिजनों को साथ लेकर खोजबीन तेज की और कुछ ही देर में बस स्टैंड क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। सोशल मीडिया का भी प्रभावी उपयोग किया गया, जिससे कम समय में बालिका की लोकेशन मिल सकी। उन्होंने कहा कि “बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में पुलिस हर संभव प्रयास करती है कि बच्चे जल्द से जल्द सकुशल मिल जाएं।”
पुलिस की सतर्कता से टली अनहोनी…..
पुलिस की तत्परता और सतर्कता के चलते संभावित अनहोनी टल गई। परिजनों ने सिवनी मालवा पुलिस का आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

