

इटारसी / रेलवे स्टेशन पर बुधवार को बनारस – पुणे (हडपसर) एवं अयोध्या – मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शुभारंभ के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमृत भारत एक्सप्रेस सुबह इटारसी रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर पहुंची। जहां कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद माया नारोलिया सहित जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन से होकर गुजरेगी, जिससे मंडल के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से यात्रियों को बेहतर गति, आधुनिक कोच, उन्नत सुविधाएं और अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच संपर्क को मजबूत करेगी। भोपाल मंडल के यात्रियों के लिए यह नई सेवा विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी।
सांसद श्री चौधरी ने कहा कि अयोध्या–लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ देश के विकास की तेज रफ्तार का प्रतीक है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार एवं अभिनंदन। यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाली विकास की नई जीवनरेखा है। जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत सतना, कटनी, जबलपुर एवं इटारसी क्षेत्र के लाखों यात्रियों को इससे सीधा लाभ मिलेगा।
मोदी सरकार के नेतृत्व में देश में रेल नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है—आधुनिक, सुरक्षित और किफायती यात्रा अब हर नागरिक का अधिकार बन रही है। यह पहल धार्मिक पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
कार्यक्रम के पश्चात सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने रेलवे से संबंधित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
यात्रियों की सुविधा हेतु टिकट काउंटर बढ़ाने पर जोर…..
सांसद श्री चौधरी ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को लंबी कतारों से मुक्ति दिलाना और सहज टिकट व्यवस्था उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अवैध वेंडरों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश……
स्टेशनों पर अवैध वेंडरों की गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर में केवल अधिकृत वेंडरों को ही अनुमति दी जाए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो सके।
सांसद श्री चौधरी ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और रेलवे सेवाओं को सुव्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, भोपाल रेल मंडल प्रबंधक पंकज त्यागी, वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम नीलेश मिश्रा, डीआरयूसीसी सदस्य नीलेश श्रीवास्तव, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान सदस्य नीतिराज सिंह पटेल ने पटेल नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत, जिला महामंत्री ज्योति चौरे, मुकेश मैना, मंडल अध्यक्ष मयंक महतो सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर रेल सुविधाओं एवं जनहित के कार्यों को निरंतर गति देने के लिए प्रतिबद्धता दोहराई गई।

