

सिवनी मालवा / जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा ग्राम बराखड़ कला में मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। यह आदेश 28 अप्रैल 2026 को जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तेजराज तिवारी द्वारा जनसुनवाई में प्रस्तुत शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में श्री माताजी मंदिर ट्रस्ट क्रमांक 22155 एवं राम जानकी राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट क्रमांक 232/55 से संबंधित व्यवस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोपों में ट्रस्ट समिति के गठन/पुनर्गठन, नीलामी प्रक्रिया, कॉलोनी विकास कार्य, तालाब पर अतिक्रमण, दुकानों के निर्माण तथा आय-व्यय में अनियमितताओं जैसी बातें शामिल हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सभी बिंदुओं की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के लिए चार सदस्यीय जांच दल गठित किया है। इस जांच टीम में डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता कोरी को दल प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही तहसीलदार सिवनी मालवा नीतिन झोंडे, नायब तहसीलदार श्रीमती कीर्ति प्रधान एवं सहायक ग्रेड-3 बिशन सिंह खुरीजी को सदस्य नियुक्त किया गया है।जारी आदेश के अनुसार यह जांच दल शिकायत में उल्लिखित सभी बिंदुओं की विस्तार से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

