

सिवनी मालवा / रात्रि के समय वन क्षेत्र में अपराध दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं, जिसे रोकना अब वन विभाग के लिए मुश्किल होता जा रहा है। सामान्य वनमंडल के डीएफओ गौरव शर्मा के दिशा निर्देशन में बानापुरा रेंजर ज्ञानसिंह पवार और उनकी टीम ने बानापुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंदरवाड़ा में वन्य प्राणी के शिकार की आशंका के चलते एक घर से संदिग्ध मांस जब्त कर दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बताया गया कि वन्य विभाग की टीम ने नंदरवाड़ा में किसी के घर से लगभग 3 किलो मांस जब्त करने में सफलता प्राप्त की हैं। हालांकि मांस किसी वन्य प्राणी का है या फ़िर किसी अन्य जीव का यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम नंदरवाड़ा क्षेत्र में वन्य प्राणी का शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और देर रात तक कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मांस को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने दो लोगों को पकड़कर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उनसे मामले में पूछताछ जारी है। इस संबंध में रेंजर ज्ञानसिंह पावर ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मांस की जप्ती की है। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए मांस के नमूनों को जांच के लिए जबलपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह किस वन्य प्राणी का मांस है। सूत्रों के अनुसार शिकार हिरण का होना बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

