
इटारसी / मंगलवार को थाना इटारसी पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए दो नाबालिग बालिकाओं को एक ही दिन में सकुशल दस्तयाब कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस की तत्परता और सक्रियता के चलते एक मामले में 24 घंटे के भीतर ही बालिका को खोज निकाला गया, जबकि दूसरे मामले में चार महीने से लापता बालिका को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 377/26 में दर्ज अपरहण के मामले में इटारसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर ही नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं अपराध क्रमांक 1017/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज दूसरे मामले में करीब चार महीने से लापता बालिका को भी पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद सकुशल बरामद कर लिया।
इस सफल कार्रवाई पर थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा दोनों मामलों में लगातार तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से सघन तलाश की गई। उन्होंने कहा कि “नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इटारसी पुलिस हर मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए शीघ्र निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।”
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है तथा आमजन ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।

