
नर्मदापुरम / हरियाली चौक पर नर्मदा पेयजल पाइप लाइन के डेमेज हो जाने के कारण संबंधित क्षेत्रों की पेयजल सप्लाई करीब 24 घंटे प्रभावित रहेगी। नगरपालिका द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई के लिए टैंकर्स की व्यवस्था की गई है। साथ ही पेयजल टैंकर्स के लिए आम नागरिक नगरपालिका कार्यालय में जल प्रदाय शाखा में सीधे संपर्क कर सकते हैं।
जल प्रदाय शाखा प्रभारी उपयंत्री आयुषी रिछारिया ने बताया कि हरियाली चौक के पास नर्मदा जल सप्लाई पाइप लाइन डेमेज हो गई है। जिसमें लगने वाला कैमिकल स्थानीय स्तर पर नहीं मिल पाया है। जिसे बाहर से बुलवाया जा रहा है। जिसके बाद ही पेयजल सप्लाई पाइप लाइन की रिपयेरिंग हो सकेगी।
उपयंत्री श्रीमती रिछारिया ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर्स से पेयजल सप्लाई कराई जा रही है। आम नागरिकों से आग्रह है कि प्रभावित क्षेत्रों में अगर टैंकर्स नहीं पहुंच रहें हों तो वे सीधे नगरपालिका कार्यालय स्थित जल प्रदाय शाखा में संपर्क कर सकते हैं, उन्हें तत्काल टैंकर्स उपलब्ध कराए जाएंगे।

