
नर्मदापुरम / शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से उभरते हुए सांदीपनि विद्यालय ने अपनी अलग पहचान स्थापित कर ली है। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण, व्यवस्थित और परिणाम मुखी शिक्षा दी जा रही है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है।
जिला सह कोषाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि दीपक अठौत्रा भाजपा जिला कार्यालय में उपस्थित हुए और जानकारी देते हुए बताया कि नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत विद्यालय में आधुनिक और व्यावहारिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां के विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि जीवन कौशल में भी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां निःशुल्क शिक्षा, बस सुविधा एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे हर वर्ग के बच्चों को बिना आर्थिक बोझ के अच्छी शिक्षा मिल रही है।
विद्यालय के छात्र-छात्राएं लगातार जिले में उत्कृष्ट परिणाम दे रहे हैं। इसी क्रम में सांदीपनि हाई सेकेंडरी स्कूल, इटारसी की छात्रा अंशिका सराठे ने कक्षा 12वीं (आर्ट्स) में जिले में टॉप कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं माननीय विधायक द्वारा अंशिका का सम्मान भी किया गया।
दीपक अठोत्रा ने आगे बताया कि नर्मदापुरम विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार के लिए 3 नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से दो स्कूल—पावरखेड़ा और इटारसी—में निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र में शिक्षा के बेहतर अवसर और मजबूत होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं जैसे लैपटॉप वितरण, स्कूटी योजना आदि का लाभ पारदर्शी तरीके से दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार और सफलता का भी केंद्र बनकर उभर रहा है, जहां से विद्यार्थी उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

