

नर्मदापुरम / सोमवती अमावस्या के अवसर पर नर्मदा तटों पर स्नान करने आई भारी भीड़ के बीच पोस्ट ऑफिस घाट पर एक हृदयस्पर्शी घटना घटी। बैंक कॉलोनी (नई बस्ती) निवासी ऋषभ सराठे (पिताः पंकज सराठे) अपनी 3 वर्षीय पुत्री अदिति सराठे के साथ परिवार सहित नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी। परिजनों के चिल्लाने पर ड्यूटी पर तैनात SDERF के सैनिक अभिषेक राजपूत (बैच नंबर 177) और सैनिक संतोष शुक्ला (बैच नंबर 194) ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी। जवानों ने कुछ ही पलों में बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्ची के अचेत अवस्था में होने पर उन्होंने रिकवरी पोजिशन में लिटाकर प्राथमिक उपचार (CPR) दिया और एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार के बाद बच्ची को खतरे से बाहर घोषित किया। वर्तमान में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। बच्ची के परिजनों ने जवानों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय नर्मदापुरम में SDERF सैनिक अभिषेक राजपूत और सैनिक संतोष शुक्ला को उनकी कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी के लिए सम्मानित किया एवं भविष्य में भी इसी जज्बे के साथ ड्यूटी करने हेतु शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन सहित जिला विशेष शाखा प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह मुजाल्दे भी उपस्थित रहे।

