
नर्मदापुरम / जयपुर / वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए मध्यप्रदेश पर्यटन ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जयपुर में आयोजित ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (GITB) 2026 के दौरान एमपी टूरिज्म को “Leading Tourism Destination” के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। यह गौरवपूर्ण पुरस्कार FICCI द्वारा भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय एवं राजस्थान पर्यटन के सहयोग से आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स (द्वितीय संस्करण) में प्रदान किया गया।
यह सम्मान एमपी टूरिज्म बोर्ड के अतिरिक्त प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने ग्रहण किया, जो प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों की पहचान का प्रतीक है।
वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई—एमपी बना पर्यटन का पसंदीदा गंतव्य……
सचिव पर्यटन एवं प्रबंध संचालक एमपी टूरिज्म बोर्ड, डॉ. इलैयाराजा टी ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह सम्मान मध्यप्रदेश की तेजी से बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्यटन को केवल भ्रमण तक सीमित न रखकर एक समग्र अनुभव के रूप में विकसित करना है, जिसमें समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और जीवंत परंपराएं एक साथ साकार होती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय साझेदारियों के माध्यम से मध्यप्रदेश को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
GITB 2026 में आकर्षण का केंद्र बना मध्यप्रदेश पवेलियन…….
26 से 28 अप्रैल तक जयपुर में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में मध्यप्रदेश का पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पवेलियन के माध्यम से राज्य की विरासत, आध्यात्मिकता, वन्यजीव और सांस्कृतिक विविधता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
यहां पारंपरिक ‘बधाई’ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने आगंतुकों को प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराया। वहीं ‘सेव’, ‘गजक’ और ‘आम पना’ जैसे स्थानीय व्यंजनों ने मध्यप्रदेश के स्वाद का अनूठा अनुभव दिया।
पवेलियन में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों, प्रसिद्ध वन्यजीव…….
अभयारण्यों, आध्यात्मिक स्थलों के साथ-साथ ग्रामीण पर्यटन, वेलनेस और ईको-टूरिज्म जैसे उभरते क्षेत्रों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
B2B बैठकों से बढ़ेगा वैश्विक सहयोग और पर्यटन निवेश……..
GITB 2026 के दौरान मध्यप्रदेश का प्रतिनिधिमंडल अंतर्राष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल विशेषज्ञों के साथ पूर्व निर्धारित B2B बैठकों में सक्रिय भागीदारी कर रहा है। इन बैठकों का उद्देश्य दीर्घकालिक सहयोग स्थापित करना, इनबाउंड पर्यटन को बढ़ावा देना और वैश्विक पर्यटन उत्पादों में मध्यप्रदेश की भागीदारी को सुदृढ़ करना है।
ज्ञान आदान-प्रदान और नई यात्रा योजनाओं के विकास के माध्यम से राज्य अपने पर्यटन परिदृश्य को और अधिक सशक्त बना रहा है।
“अतुल्य भारत का हृदय” बनने की दिशा में मजबूत कदम……..
GITB जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिली यह उपलब्धि मध्यप्रदेश की उत्कृष्टता, सतत विकास और सांस्कृतिक प्रामाणिकता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रदेश लगातार एक अनुभव-आधारित पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है, जो वैश्विक पर्यटकों के लिए “अतुल्य भारत का हृदय” बनने की दिशा में अग्रसर है।

