



नर्मदापुरम / दिनांक 23.04.26 को थाना सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत आवेदक पराग शर्मा पिता श्याम शर्मा, निवासी सेमरी हरचंद, व्यवसाय अनाज व्यापारी द्वारा बताया गया था कि उनका अकाउंटेंट तिलक मालवीय पिता नितिन मालवीय (अकाउंटेंट) तथा परिचित सिद्धार्थ चौधरी एवं सौरभचौधरी (सर्वेयर) के साथ बैंक कार्य हेतु थार गाड़ी से सोहागपुर बैंक गये थे। सिद्धार्थ एवं सौरभ चौधरी के नाम रजिस्ट्री होना प्रस्तावित थी, जिसके लिए सभी लोग बैंक आए थे। आवेदक द्वारा ₹5,50,000/- (पांच लाख पचास हजार रुपये) भारतीय स्टेट बैंक से निकालकर केनरा बैंक की ओर गए। केनरा बैंक के सामने वाहन खड़ा कर सभी बैंक के अंदर चले गए। इसी दौरान किसी अज्ञात महिला द्वारा वाहन में रखा नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा एस थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के निर्देशन में तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस संजू चौहान के मार्ग दर्शन में मामले की गंभीरता को लेते हुए शीघ्र विशेष पुलिस टीम गठित हुई। पुलिस टीम घटना के बाद से शहर में प्रमुख स्थानों एवं संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज एकत्रित कर उनका सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
सघन प्रयासों के फलस्वरूप जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त घटना को राजगढ़ जिले के थाना बोड़ा क्षेत्र के कड़िया सांसी गांव निवासी महिला सुधा उर्फ सुगना पति अजब सिंह उर्फ हरवीर द्वारा अंजाम दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित द्वारा ग्राम कड़िया सासी थाना बोडा जिला राजगढ़ में दबिश दी गई, जिसके परिणाम स्वरूप आरोपी महिला को अभिरक्षा में लिया गया तथा उसके कब्जे से पूरी नगदी राशि ₹5,50,000/- (माल मशरूका) बरामद कर ली गई।
पुलिस की तत्त्परता एवं प्रभावी कार्यवाही से चोरी की घटना को अंजाम देने वाली आरोपिया सुधा उर्फ सुगना पति अजब सिंह उर्फ हरवीर से चोरी का माल नगदी 05 लाख 50 हजार रूपये बरामद किये गये। आरोपी सुधा उर्फ सुगना पति अजब सिंह उर्फ हरवीर निवासी कड़िया सासी गाँव, थाना बोड़ी, जिला राजगढ़
बरामदगी नगद राशि ₹5,50,000/-…….
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक राहुल रायकवार, उपनिरी राहुल पटेल, सउनि मनोज राजपूत, प्र. आर. विनोद नागर, म. प्र. आर मंजूलता परते, आर. मनोहर दायमा, आर. राजकुमार यादव, आर. विवेक सोनपुरे, आर. सुनील ओझा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विशेष : पुलिस की आमजन से आग्रह…..
जनसामान्य से अपील की है कि बैंक से बड़ी राशि निकालते समय सावधानी बरतें एवं संदिग्ध व्यक्तियों/गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही अपने-अपने प्रतिष्ठानों के आवागमन स्थल पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित करे जिससे इस तरह के वारदातों पर अंकुश लगाने में पुलिस को सहयोग प्राप्त हो।

