

नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अत्यंत लोकप्रिय एवं प्रेरणादायक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के सवा सौ करोड़ नागरिकों को एक सूत्र में जोड़ने वाला सशक्त माध्यम है। यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता और सहभागिता को निरंतर बढ़ावा दे रहा है तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने बांस से जुड़े पुराने कानूनों में किए गए बदलाव का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में बांस को पेड़ की श्रेणी से बाहर करने के बाद पूर्वोत्तर राज्यों में बांस उद्योग तेजी से विकसित हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिले हैं। प्रधानमंत्री ने आगामी बुद्ध पूर्णिमा की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए गौतम बुद्ध के जीवन संदेशों को स्मरण कराया। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और हमें आंतरिक शांति एवं आत्म-विजय की प्रेरणा देता है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पवन ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देश की विंड एनर्जी क्षमता 56 गीगावाट से अधिक हो चुकी है और बीते एक वर्ष में लगभग 6 गीगावाट नई क्षमता जोड़ी गई है। भारत इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि तमिलनाडु के कलपक्कम में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने ‘क्रिटिकलिटी’ हासिल कर ली है, जो भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस अवसर मन की बात कार्यक्रम के जिला प्रभारी प्रशांत दीक्षित, सह प्रभारी राहुल पटवा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित अपने अपने बूथों पर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

