
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के तत्वाधान में आयोजित इंटर क्लब टूर्नामेंट में तीसरा मुकाबला जीसीए नर्मदापुरम और प्रोस्टार्ट इटारसी के मध्य एमपीसीए ग्राउंड पर शुरू हुआ। दो दिवसीय मुकाबले में जीसीए अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि प्रोस्टार्ट इटारसी पहली पारी 65वें ओवर में 251 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जिसमें सोनू के शानदार 155 रनों की पारी शामिल है। सोनू के अतिरिक्त अन्य कोई भी बल्लेबाज 20 के आंकड़े को पार नहीं कर सका। जीसीए अकादमी के गेंदबाजी में गौतम बौरासी 4 विकेट, प्रज्ज्वल मीणा 2 विकेट और आयुष संतोरे एवं आरुष उपाध्याय को 1-1 विकेट हासिल हुआ। जीसीए अकादमी ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए आज के शेष 24 ओवर में 2 विकेट खोकर 129 रन बना लिए है। खेल खत्म होने तक जीसीए अकादमी के शिखर गंगराड़े 46 रन नाबाद और आदर्श शर्मा 33 रन नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं। प्रोस्टार्ट को मिले दोनों विकेट अभिषेक को प्राप्त हुए, मैच में एक दिन शेष है।मैच के शुभारंभ अवसर पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी मेंबर अनुराग मिश्रा, नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर, जिला क्रिकेट संघ सचिव मनोहर बिल्थरिया, ग्राउंड मैनेजमेंट के सदस्य रामकृष्ण चौरे, कोच नितेश राजपूत, अंपायर विशाल शर्मा एवं हरीश हनोतिया और स्कोरर आर्यन चौरे सहित ग्राउंड स्टाफ मौजूद रहा है।

