
नर्मदापुरम / जिला नर्मदापुरम थाना सिवनी मालवा अंतर्गत डायल 112 सेवा (FRV) के स्टाफ ने अपनी त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टालते हुए एक मरीज की जान बचाई है। दिनांक 22 अप्रैल 2026 को प्रातः सिवनी मालवा से एक मरीज को लेकर नर्मदापुरम जा रही भोपाल केयर हॉस्पिटल की एंबुलेंस में रास्ते में अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 स्टाफ ने बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों ने रास्ते के पेट्रोल पंप से फायर एग्जीक्यूटर लेकर एंबुलेंस में लगी आग को बुझाया। ऑक्सीजन सपोर्ट पर ली जा रही महिला को थाने की गाड़ी में शिफ्ट किया गया। 108 एम्बुलेंस को सूचित कर मरीज को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसका तुरंत उपचार शुरू हो सका और संभावित जनहानि टल गई। जिस एंबुलेंस से धुआं निकला वह सिवनी-बनापुरा स्थित भोपाल केयर हॉस्पिटल की थी। इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा (भापुसे) द्वारा डायल 112 स्टाफ को कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए सम्मानित किया गया । जिस संबंध में खबरें समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया में प्रकाशित हुई एवं इन खबरों का संज्ञान लेते हुए सिवनी-बनापुरा स्थित भोपाल केयर हॉस्पिटल के संचालक मंडल द्वारा पूरी टीम को सम्मानित करने की इच्छा जाहिर की गई। जिसके अनुक्रम में आज दिनांक 25 अप्रैल 2026 को कार्यालय पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम में पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एवं सिवनी-बनापुरा स्थित भोपाल केयर हॉस्पिटल के संचालक मंडल से उपस्थित डॉ. अजय शंकर मेहता, डॉ. अंकित गद्रे एवं जितेंद्र रघुवंशी द्वारा डायल 112 में ड्यूटीरत स्टाफ प्रधान आरक्षक सुशील कुमार मिश्रा, आरक्षक अजय गुप्ता और चालक सुधीर सहित एंबुलेंस चालक शाहरुख खान को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित एवं पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया।

