
डोलरिया / तहसील डोलरिया के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय डोलरिया में जनगणना 2027 के प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम बैच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंतिम दिवस चार्ज जनगणना अधिकारी अंकित मौर्य ने प्रशिक्षण में शामिल प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से पारस्परिक संवाद कर जनगणना कार्य की तैयारियों की समीक्षा की।
जनगणना कार्य के प्रति दिलाई गई शपथ….
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, फील्ड ट्रेनरों एवं उपस्थित कर्मचारियों को जनगणना 2027 के कार्य को निष्पक्ष, जिम्मेदारीपूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए सभी से पूर्ण समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
स्वगणना पोर्टल पर कराया गया पंजीयन…..
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों से स्वगणना पोर्टल पर स्वगणना प्रक्रिया भी पूर्ण कराई गई। अधिकारियों ने पोर्टल के माध्यम से होने वाली प्रक्रिया की जानकारी देते हुए डिजिटल व्यवस्था को सरल और उपयोगी बताया।
नाट्य रूपांतरण से कराया गया पूर्व अभ्यास…..
प्रशिक्षण को रोचक और व्यवहारिक बनाने के उद्देश्य से मास्टर ट्रेनर मोहर सिंह हिंडोलिया एवं मुकेश शुक्ला द्वारा विभिन्न नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जनगणना कार्य का पूर्व अभ्यास कराया गया। इससे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को फील्ड में आने वाली संभावित परिस्थितियों की जानकारी मिली।
अधिकारी रहे उपस्थित…..
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नायब तहसीलदार आलोक कुमार भद्र, जनगणना लिपिक श्रीमती कंचन पिरथानी तथा कार्यालय तकनीकी सहायक आशीष यादव उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रशिक्षण व्यवस्था का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
सफल जनगणना के लिए जताया विश्वास…….
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित प्रगणक एवं सुपरवाइजर जनगणना 2027 के कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कर क्षेत्र की सटीक जानकारी संकलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

