

सिवनी मालवा / आप सभी जब यहां से वापस अपने घर जाए तो इसके बाद कोई भी आपराधिक कृत्य ना करे ताकि फिर से दोबारा आपको यहां ना आना पड़े। सभी अपने परिवार और समाज के साथ हिलमिल कर रहे। उक्त बात न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी न्यायाधीश सुश्री सरोज डेहरिया ने उपजेल आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं विधिक साक्षरता शिविर में कही। न्यायाधीश सुश्री सरोज डेहरिया ने परिरूद्ध बंदियों से कहा कि आप सभी अब अपनी आपराधिक कृत्यो को छोड़कर समाज में रहकर अच्छा इंसान बनने का प्रयास करे ताकि आगे आप और आपका परिवार समाज में इज्जत प्राप्त कर सके। यहां का जीवन समाज से अलग कर देता है। आप सभी सामजिक जीवन जीकर अपने परिवार और बच्चो को अच्छे संस्कार दे। उन्होंने सभी बंदियों से उनके प्रकरणो के संबंध में पूछताछ की सभी ने अपने प्रकरणो में न्यायालय में अधिवक्ता होने की बात कही। न्यायाधीश डेहरिया ने बंदियों को विधिक जानकारी दी। स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जेल में परिरूद्ध बंदियों के बी.पी., शुगर, डेन्टल एवं अन्य सामान्य बीमारियों का परीक्षण एवं उपचार किया गया है। शिविर में उपजेल अधीक्षक ऐश्वर्य मिश्रा, ब्लाक मेडिकल ऑफीसर डॉ. कान्ती बाथम, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभम खोदरे, डॉ. ब्रजेश राजपूत, एन.एम.ए. सुरेश यादव, नर्सिंग आफिसर धीरज जोशी, सर्पोटिंग स्टाप आनंद कुशवाह तथा कर्मचारीगण उपस्थित थे। शिविर के माध्यम से 32 जेल में परिरूद्ध बंदियों को लाभांवित किया गया।

