

नर्मदापुरम / राजधानी भोपाल में किसानों की समस्याओं को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवा दल द्वारा चलाया जा रहा दो दिवसीय किसान सत्याग्रह उपवास शुक्रवार को समाप्त हो गया। उनके साथ सेवा दल के 35 साथियों ने लगातार दो दिनों तक भूख हड़ताल कर किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।
भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच जारी इस आंदोलन में किसानों की फसल खरीदी सहित कई अहम मुद्दों को उठाया गया।
इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने सभी सत्याग्रहियों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त करवाई और आंदोलनकारियों का उत्साह बढ़ाया।
पटवारी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर किसानों की फसलों की खरीदी नहीं होती और सरकारी तंत्र निष्क्रिय बना रहता है, तो कांग्रेस सेवा दल तैयार हो जाओ क्योंकि कांग्रेस परिवार उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे को जाम किया जाएगा और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
सत्याग्रह के दौरान प्रदेश के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, कई पूर्व मंत्री और बड़ी संख्या में कांग्रेस व सेवा दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इटारसी सहित अन्य जिलों से भी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। जिसमें कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता के साथ इटारसी नगर सेवा दल अध्यक्ष दिलीप गोस्वामी सहित पूरे जिले से सेवादल के ब्लॉक अध्यक्ष और जिला कार्यकारिणी के सभी साथी और इटारसी से कई पदाधिकारी पहुंचे तो वहीं, तेज गर्मी और लू के बीच लगातार दो दिनों तक चला यह आंदोलन एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में किसानों के मुद्दों को केंद्र में ले आया है।

