
नर्मदापुरम / नगरपालिका द्वारा नगर में स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके चलते स्वच्छता अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। जहां नगर के प्रमुख नालों को साफ किया जा रहा है तो वहीं उसमें ऊगी झाड़ियों को भी साफ किया जा रहा है। जिससे नाला पूरी तरह साफ हो गया है। प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक कमलेश तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले और स्वच्छता प्रभारी दीक्षा तिवारी के निर्देशन में नगर में स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक श्री तिवारी ने बताया कि नगर का प्रमुख आदमगढ़ नाला को साफ करने के लिए नगरपालिका स्वच्छता शाखा द्वारा तीन दिनों तक लगातार पोकलेन चलाई गई। जिसके चलते नाले में ऊगी झाड़ियों को हटाया तथा गाद के कारण नाला उथला हो गया था। गाद को निकालकर नाले का गहरीकरण किया गया। आदमगढ़ से लेकर भोपाल तिराहे के आगे तक गुरूवार देर रात तक पोकलेन की मदद से नाले को साफ किया गया।
वहीं नगरपालिका दूसरी स्वच्छता टीम वार्डों में स्वच्छता से संबंधित जनजागरूकता अभियान चला रही है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत सेठानी घाट और कोरी घाट पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वार्ड 01 एवं 02 नगरपालिका एवं आईईसी टीम के सदस्यों द्वारा सेठानी घाट व कोरी घाट पर दुकानदार एवं दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को अमानक पॉलीथिन एवं शैंपू व साबुन का इस्तेमाल न करने की समझाइश दी गई। नपाध्यक्ष नीतू यादव ने नगर नागरिकों, दुकानदारों से आग्रह किया है कि नगरपालिका द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें अपने आसपास स्वच्छता रखकर नपा का सहयोग करें। कचरा, कचरा वाहन में डालें। सड़क पर या खुले में कचरा न फैंकें।

