
सिवनी मालवा / नगर की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित एक बार फिर सक्रिय नजर आए। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी के नाम का ज्ञापन अकाउंटेंट महेंद्र परिहार को सौंपकर शहर की प्रमुख समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया और त्वरित समाधान की मांग की। ज्ञापन में दीपक दीक्षित ने ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती मच्छरों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि शहर में नियमित रूप से फॉगिंग मशीन से छिड़काव और प्रभावी कीटनाशक दवाओं का उपयोग किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण आम नागरिकों की नींद तक प्रभावित हो रही है और बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। दीक्षित ने नगर पालिका की हाजिरी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि कर्मचारियों की हाजिरी ऐसे स्थानों पर लगाई जा रही है, जहां छाया जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने इस व्यवस्था को अव्यवस्थित बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की। इसके साथ ही दीपक दीक्षित ने शिवराज पार्क के समय में बदलाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय ग्रीष्म ऋतु के अनुसार उपयुक्त नहीं है, इसलिए पार्क को समय शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। दीक्षित ने कर्मचारियों के वेतन में हो रही देरी को भी गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके दैनिक जीवन, बैंक ऋण की किश्त, बच्चों की फीस, राशन एवं दवाइयों जैसी आवश्यक जरूरतों पर सीधा असर पड़ता है। अंत में दीपक दीक्षित ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि कर्मचारियों का वेतन हर माह 1 से 5 तारीख के बीच सुनिश्चित किया जाए और सभी जनसमस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। वहीं दीपक दीक्षित ने सीएमओ अमर सिंह उईके से फोन पर चर्चा कर नगर की समस्याओं से अवगत कराया तो सीएमओ अमर सिंह उईके ने तत्काल कार्यवाही करते हुए पार्क का समय परिवर्तन करने का निर्देश दिया। ओर जल्द ही उक्त समस्याओं के निराकरण का भी आश्वासन दिया।

