
नर्मदापुरम / नगर पालिका के एल्डरमैन राजेश अत्रे ने नपा CMO को एक पत्र लिखा जिसमें उल्लेख किया कि नगरपालिका नर्मदापुरम में अमृत 2 योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों एवं वर्तमान जल वितरण व्यवस्था की उपयंत्री द्वारा घोर लापरवाही करते हुए नियमित निगरानी नहीं की जा रही है, जिसके कारण पूरे शहर की जल वितरण व्यवस्था में लगातार समस्याएं उत्पन्न हो रही है। नगर में चल रही अमृत 2 योजना तथा सीवरेज के कार्य में उपयंत्री द्वारा ठेकेदार को पहले से न तो पाईपलाईन का कोई नक्शा दिया जा रहा है न ही कोई लेआऊट दिया जा रहा है। जिसके कारण ठेकेदार द्वारा मनमर्जी से खुदाई करते हुए पुरानी पाईपलाईनों को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। जिसके कारण हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जा रहा है। शायद उन्हे इस बात का ज्ञान ही नहीं है की व्यर्थ बहे जल के लिए कितनी ऊर्जा और संसाधन लगते हैं। पाईपलाईन फूटने के बाद उनके द्वारा ठेकेदार को पाईपलाईन जोड़ने के लिए नोटिस दिया जाता है और औपचारिकता निभा दी जाती है और आमजन पानी के लिए इधर उधर भटकता रहता है। जबकि फूटी हुई पाइपलाईन को इनके द्वारा तुरंत ही सुधारवाना चाहिए तथा लागत की राशि ठेकेदार से वसूलना चाहिए ताकि आमजन परेशान न हो।
नियमित जल वितरण व्यवस्था के लिए इनके द्वारा कोई निरीक्षण और निगरानी नहीं की जा रही है नगर के विभिन्न वार्डों में अनियमित जल आपूर्ति, लीकेज की समस्या तथा कम दवाब की शिकायतें लगातार मिल रही है। इनके द्वारा सी एम हेल्पलाईन की शिकायतों में भी लापरवाही बरतते हुए समस्या को हल नहीं करते हुए निराकृत बता दिया जाता है कृपया उपयंत्री की इस कार्यशैली पर आपके द्वारा तुरंत ही कोई कार्यवाही नहीं की गई, तो इस दशा में मेरे द्वारा उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।

