

सिवनी मालवा / मोरन नदी के किनारे बसे ग्राम लोखर तलाई में शासन की अधूरदर्शी नीति और योजनाओं का लापरवाही पूर्ण क्रियान्वयन होने के कारण भीषण पेयजल संकट में घिरा हुआ है । पीएच विभाग के हैंड पंप प्राया सूखे पड़े हुए हैं और शासन की ओर से बनाई गई 65 लाख रूपों की पानी की टंकी भी उपयोग हीन हो गई है। अब लोग खेतों में खोदे नलकूप और मोरन नदी से पानी लाने को मजबूर हो गए हैं ।
बोर में रेत भर जाने से पानी की टंकी बनी शोपीस……
ग्राम में पेयजल की व्यवस्था के लिए 2022 में शासन की योजना के अनुसार पानी की टंकी का निर्माण कराकर एक बोरवेल का खनन कराया गया था । पिछले 1 साल से बोरवेल फस्का (बोर में रेत भर जाना) हुआ पड़ा है । बोर में करीब 65 फिट रेत भरी हुई है जिसके कारण मोटर नहीं डल पा रही है और बोर से रेत की सफाई भी नहीं हो पा रही है । कुछ ऐसे ही हाल पीएचई विभाग के द्वारा खोदे गए हैंड पंप का है । ग्राम और आसपास के क्षेत्र में आधे से ज्यादा हैंडपंप बंद पड़े हुए हैं या फिर सूख गए हैं । ग्रामीण जन आसपास के खेतों और मोरन नदी से पानी लाने के लिए मजबूर हैं । बोर से रेत निकालने के लिए ग्राम पंचायत के पास कोई भी रुपया नहीं है जिसे खर्च कर बोर की सफाई कराई जा सके ।
ग्राम के पास ही सूर्यभान बाबा की टेकरी है धार्मिक स्थल होने के कारण विधायक की अनुशंसा पर एक हैंडपंप लगाया गया था यह हैंडपंप पिछले 2 साल से सूखा पड़ा हुआ है । जिसके कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । पीएचई विभाग की लापरवाही का यह आलम है कि ग्राम लोखर तलाई के स्कूल में पिछले 2 साल से हैंडपंप बंद पड़ा हुआ है संस्था प्रधान ने अनेक पत्र लिखें किंतु ना तो पत्र का उत्तर आया और ना ही हैंडपंप में सुधार हो पाया है । विद्यालय में करीब 90 छात्र अध्ययनरत हैं, जिन्हें पेयजल के लिए घर से बोतलों में पानी लाना पड़ता है। इससे छात्रों और स्टाफ दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के उच्च श्रेणी शिक्षक प्रदीप रघुवंशी ने बताया कि नए हैंडपंप के लिए पीएचई विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिली है।
सरपंच प्रतिनिधि रवि गुप्ता ने बताया कि पानी की टंकी के पास खोदे गए बोर में करीब 65 फीट रेत भर चुकी है । जिसे खाली करने के लिए ग्राम पंचायत के पास कोई मद नहीं है इसलिए पेयजल की स्थिति गंभीर बनी हुई है । पीएचई विभाग को भी अनेक पत्र लिखे हैं किंतु उन्होंने भी हैंडपंप में सुधार नहीं किया ।
15वें वित्त के माध्यम से पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए राशि खर्च की जा सकती है किंतु लोखर तलाई की पानी की टंकी के संबंध में हमसे किसी ने परामर्श नहीं लिया और ना ही हमें शिकायत ही मिली है। फिर भी अब समस्या हमारे संज्ञान में आई है हम उसका निपटारा करवाते हैं।
इनका कहना………..
श्रीमति श्रुति चौधरी, सीईओ, जनपद पंचायत सिवनी मालवा ।

