
सिवनी मालवा / किसानों की गेहूं खरीदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर आज कांग्रेस ने अजय सिंह पटेल के नेतृत्व में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को दिया गया, जिसमें किसानों को हो रही परेशानियों के त्वरित समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि गेहूं खरीदी केंद्रों पर स्लॉट बुकिंग व्यवस्था सही ढंग से संचालित नहीं हो रही है, जिससे किसानों को समय पर स्लॉट नहीं मिल पा रहे हैं। इसके कारण किसानों को मंडियों में उपज बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों की खरीदी पर प्रतिबंध लगाए जाने से कई किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिन किसानों के घर विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रम हैं, उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिलने से अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं तकनीकी खामियों और सर्वर समस्याओं के कारण पंजीयन एवं स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। अजय सिंह पटेल ने प्रशासन से मांग की कि खरीदी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए, किसानों की उपज बिना भेदभाव खरीदी जाए, खरीदी के तुरंत बाद भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा प्रति एकड़ उपार्जन सीमा बढ़ाकर 20 क्विंटल की जाए। कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।

