नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय नर्मदापुरम में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के मार्गदर्शन में आज क्रीड़ा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मार्शल आर्ट, जूडो एवं कराटे प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में श्रीमती श्रीमती रोशनी सोनकर, कराटे कोच खेल एवं युवा कल्याण विभाग नर्मदापुरम उपस्थित रही। उन्होंने छात्राओं को जूडो एवं मार्शल आर्ट की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया तथा आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण तरीकों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। इस अवसर पर महेंद्र पचलानिया, खेल संयोजक खेल एवं युवा कल्याण विभाग नर्मदापुरम ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। मार्शल आर्ट एवं जूडो न केवल शारीरिक मजबूती प्रदान करते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, साहस एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने छात्राओं को नियमित अभ्यास करने तथा हर परिस्थिति में सजग व निर्भीक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. हर्षा चचाने उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाते हैं। प्रशिक्षण में महाविद्यालय की प्राध्यापक एवं नारी शक्ति बंधन कार्यक्रम की संयोजक डॉ. कंचन ठाकुर ने सभी का स्वागत किया इस अवसर पर डॉ. आर. के. चौकीकर, डॉ. दुर्गेश तेली, डॉ. मनीष तिवारी, सुश्री पूजा गोस्वामी उपस्थित रही। अंत में क्रीड़ा अधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।

