





सिवनी मालवा / परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नगर सिवनी मालवा में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान परशुराम नगर भ्रमण पर निकले। हनुमान मंदिर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य रहा और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान ब्राह्मण समाज की बालिकाओं ने तलवार, फरसा एवं अन्य पारंपरिक शस्त्रों के माध्यम से शौर्य प्रदर्शन कर नारी शक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया। वहीं युवाओं द्वारा मलखम अखाड़ों के माध्यम से किए गए रोमांचक प्रदर्शन ने शोभायात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। इन प्रस्तुतियों को देखने के लिए नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शास्त्र के साथ शस्त्र का संदेश…..
कर्मकांडी पंडितों एवं ब्राह्मण समाज के युवाओं ने शस्त्र संचालन कर यह संदेश दिया कि शास्त्र ज्ञान के साथ शस्त्र का महत्व भी आवश्यक है। मलखम का प्रदर्शन कर रहे युवाओं को देखने के लिए पूरे शहर में उत्साह का माहौल बना रहा और लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यात्रा के समापन पश्चात राम जानकी राधा कृष्ण मंदिर में भगवान परशुराम की महाआरती संपन्न हुई। इसके बाद 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों एवं ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्षों का सम्मान किया गया, जिनमें विकास पाठक, समर शर्मा, वीरेंद्र मिश्रा, डॉ. चौबे, शिवशंकर पंचोली सहित अन्य प्रमुख नाम शामिल रहे।
साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष पारीख एवं पार्षद अनुराधा दीक्षित का भी मंच से सम्मान किया गया। कुश्ती में स्वर्ण पदक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले चतरखेड़ा निवासी सत्यम तिवारी का विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के संबंध में ब्राह्मण समाज अध्यक्ष प्रवीण अवस्थी ने बताया कि समाज के सामूहिक सहयोग से इस विशाल आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। मंच संचालन युवा पत्रकार राजा तिवारी, सुब्रत शर्मा एवं दीपक दीक्षित द्वारा किया गया।
कार्यक्रम ने समाज में एकता, संस्कृति और शौर्य की भावना को सुदृढ़ करते हुए नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का प्रेरणादायक संदेश दिया।

