

नर्मदापुरम / ग्राम शिवपुर मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के नाहरकोला गांव में रविवार की रात एक विवाह समारोह उस वक्त रक्तरंजित हो गया, जब एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। नशे की हालत में पहुंचे एक ग्रामीण और उसके बेटे ने धारदार चाकू से हमला कर एक व्यक्ति की जान ले ली और आधा दर्जन से अधिक लोगों को लहूलुहान कर दिया। हमलावरों का दुस्साहस इतना था कि उन्होंने पकड़ने आई पुलिस टीम पर भी हमला बोला, जिसमें एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल है।
विवाद की जड़,’खाना खाने’ के निमंत्रण पर भड़का आरोपी….
घटनाक्रम के अनुसार, रामनारायण कीर के भतीजे की शादी का जश्न चल रहा था। तभी गांव का ही अमर सिंह कीर नशे की हालत में वहां पहुंचा। जब रामनारायण ने उसे प्रेमपूर्वक भोजन करने का आग्रह किया, तो अमर सिंह भड़क गया और “क्या मैं भूखा हूँ?” कहकर गाली-गलौज करने लगा। उस समय तो भीड़ ने उसे समझा-बुझाकर घर भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद वह अपने बेटे लोकेश कीर के साथ डंडे और चाकू लेकर वापस लौटा और हमला बोल दिया।
बीच-बचाव करने वालों पर बरपाया कहर…….
दूल्हे के चाचा हरिनारायण ने जब मामला शांत कराने की कोशिश की, तो लोकेश ने उन पर चाकू से वार किया। उन्हें बचाने के लिए जब परिवार के अन्य सदस्य—दौलत कीर, रामनारायण, जयनारायण और महिला क्षमा बाई—आगे आए, तो आरोपियों ने उन पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मृत्यु……..इस हमले में दौलत कीर को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
घायल हमले में 6 ग्रामीण घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस टीम पर हमला, आरक्षक को मारे 9 चाकू……
वारदात की सूचना मिलते ही शिवपुर थाना प्रभारी के. एन. रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने आरोपियों को घेरने की कोशिश की, तो उन्होंने सरकारी टीम पर भी हमला कर दिया। आरोपी ने आरक्षक ओम जाट के पेट, हाथ और पैरों पर 9 बार चाकू से वार किए। गंभीर हालत में उन्हें सिवनी मालवा से नर्मदापुरम रेफर किया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अफसरों ने संभाला मोर्चा, फरार आरोपियों पर केस दर्ज…..
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी साईं कृष्णा एस थोटा भारी पुलिस बल के साथ रात में ही घटना स्थल पर पहुंचे।
कानूनी कार्रवाई पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या (302) और हत्या के प्रयास (307) के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
तलाश जारी आरोपियों की…..
गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल दोनों फरार हैं। चश्मदीद का बयान घायल महिला क्षमा बाई के अनुसार, विवाद की असली वजह डीजे बजने को लेकर हुई बहस थी। आरोपी अमर सिंह पहले गालियां दे रहा था और बाद में अपने बेटे के साथ खूनी साजिश रचकर वापस आया, जिसमें उन्होंने उनके भाई की जान ले ली।

