



सिवनी मालवा / नगर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद द्वारा भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। स्थानीय रामवाटिका में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 24 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, परंपरा और जनसहभागिता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
नगर पालिका भवन से निकली पारंपरिक बारात…..
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका भवन के सामने से पारंपरिक बारात के साथ हुई, जहां दूल्हों को घोड़ों पर बैठाकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच निकली इस बारात में नगर पालिका अध्यक्ष रितेश रिंकू जैन, सीएमओ अमर सिंह उइके, पार्षदगण, नगर पालिका कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक बाराती के रूप में शामिल हुए। बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई राम जानकी मंदिर पहुंची।
वैदिक विधि से सम्पन्न हुए विवाह संस्कार….
राम जानकी मंदिर परिसर में पंडितों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। वर-वधू ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए तथा जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह की सभी पारंपरिक रस्में श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुईं।
नवविवाहित जोड़ों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं….
नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजन स्थल पर भोजन, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे वर-वधू और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अध्यक्ष रितेश जैन ने दी शुभकामनाएं…..
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत सहायक योजना है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं तथा विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को सरल और सुलभ बनाते हैं। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
गायत्री परिवार का विशेष सहयोग…..
नगर पालिका एल्डरमेन देवी कुशवाहा एवं कमलेश लौवंशी, जो गायत्री परिवार से जुड़े हैं, ने आयोजन में विशेष सहयोग दिया। देवी कुशवाहा ने विवाह में गायत्री पद्धति को लेकर सहयोग किया तथा विदाई अवसर पर भावनात्मक गीत प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं कमलेश लौवंशी ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
बारात में जनप्रतिनिधि जमकर थिरके…..
बारात में नगर पालिका अध्यक्ष रितेश रिंकू जैन, सीएमओ अमर सिंह उइके, पार्षद दीपक बाथम, दुर्गेश उइके तथा भाजपा नेता शैलेंद्र गौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि जमकर थिरकते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों के परिजनों के साथ बैठकर भोजन भी किया।
इनका रहा विशेष योगदान…..
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला, पूर्व जनपद अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह मंडलोई, यशवंत पटेल, संतोष पारिक, मंडल अध्यक्ष नीरत तिवारी, एल्डरमेन हर्ष चौरड़िया, अभिषेक सोनी, उमेश राठौर, कमलेश लौवंशी, देवी कुशवाहा, अनीता बाथम, नगर पालिका उपाध्यक्ष स्वाति गौर, पार्षद किरण राठौर, ईश्वर दास जमींदार, प्रशांत यादव, विश्व हिंदू परिषद से शिव राठौर, भाजपा नेता खेमचंद चौकसे, प्रदीप अग्रवाल, रघुवीर सिंह राजपूत, पुष्पेंद्र बुंदेला, महेश गोयल, कैलाश मालवीय, जानू देवड़ा, विशाल राजपूत, रोहित कुचबंदिया, समाजसेवी अनिल कलवानी, सुनील कलवानी, चिंजू अग्रवाल, सखी मंच, आस्था मंच, ठेकेदार संघ सहित अनेक सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों का सराहनीय योगदान रहा।

