
सिवनी मालवा / शहर के संदीपनी विद्यालय में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की शिकायतों के बीच नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन ने विद्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर, शौचालयों और अन्य स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
परिसर और शौचालयों की स्थिति पर नाराजगी……..
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में जगह-जगह गंदगी और कचरे के ढेर दिखाई दिए। शौचालयों में भी पर्याप्त सफाई नहीं मिली, जिस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि विद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर फटकार…….
विद्यालय प्राचार्य ए. के. राजपूत ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में छह सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन निरीक्षण के समय केवल तीन कर्मचारी ही उपस्थित मिले। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की। अध्यक्ष की सख्ती के बाद सभी सफाई कर्मचारी विद्यालय पहुंच गए।
अतिरिक्त कर्मचारियों की स्वीकृति, एजेंसी को तुरंत भेजने के निर्देश……
प्राचार्य ने जानकारी दी कि विद्यालय के लिए तीन अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों के पद भी स्वीकृत हो चुके हैं। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित एजेंसी को तत्काल कर्मचारी उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय जैसी बड़ी संस्था में पर्याप्त सफाई स्टाफ रहना आवश्यक है।
अंतिम बार नपा करेगा मदद, आगे रोज देना होगा कचरा…….
नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि नगर पालिका अमला विद्यालय परिसर की सफाई में अंतिम बार सहयोग करेगा, लेकिन इसके बाद विद्यालय प्रबंधन को नियमित रूप से नगर पालिका की कचरा गाड़ी में प्रतिदिन कचरा देना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना विद्यालय प्रशासन की भी जिम्मेदारी है।
पार्किंग शेड और अन्य समस्याओं के समाधान का आश्वासन…….
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने पार्किंग शेड सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग रखी। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने पार्किंग शेड निर्माण में सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही विद्यालय की अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए स्कूली शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर आवश्यक पहल करने की बात कही।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे वीडियो……
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों विद्यालय की साफ-सफाई और विभिन्न कमियों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी नाराजगी जताई थी। इसी क्रम में उन्होंने स्वयं विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

