
नर्मदापुरम / शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मीनाक्षी चौक स्थित एक ऑफिस में जिला अधिवक्ता संघ के कोषाध्यक्ष के साथ गाली-गलौज और जानलेवा मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष और उनके दो बेटों सहित अन्य साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?….
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी राकेश कुमार शर्मा (46) जो जिला अधिवक्ता संघ के कोषाध्यक्ष हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि विवाद की शुरुआत व्हाट्सएप ग्रुप पर हुई थी। संघ के अध्यक्ष दीपक जैन ने ग्रुप पर उनसे दो साल पुराने जाली के हिसाब की मांग की थी, जिस पर बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दीपक जैन ने फोन कर राकेश शर्मा को धमकाया और कहा कि उनके बेटे उन्हें मारने आ रहे हैं।
ऑफिस में घुसकर किया हमला……
घटना शुक्रवार 17 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:15 बजे की है। फरियादी अपने ऑफिस में साथी अधिवक्ता केशव सिंह चौहान और कर्मचारी दुर्गेश सल्लाम के साथ बैठे थे। तभी आरोपी रोहन जैन और उसका भाई मुन्नू जैन अपने 2-3 अन्य साथियों के साथ ऑफिस में घुस आए।
आरोपियों ने फरियादी के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर थप्पड़ व मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए केशव सिंह और दुर्गेश के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। हमलावर फरियादी को घसीटकर ऑफिस के बाहर सड़क पर ले आए और वहां भी उनके साथ मारपीट की गई। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला….
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की निम्नलिखित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है:
धारा 331(6) घर या परिसर में जबरन घुसकर हमला करना।
धारा 296(b) अश्लील गालियां देना।
धारा 115(2) स्वेच्छा से चोट पहुँचाना।
धारा 351(3) आपराधिक धमकी देना।
धारा 3(5) सामान्य इरादे से कई व्यक्तियों द्वारा किया गया कृत्य।
पुलिस की कार्यवाही….
पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक जैन, उनके बेटे रोहन जैन, मुन्नू जैन और अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है। मामले की जाँच कार्यवाहक उप-निरीक्षक नंदलाल झरवड़े को सौंपी गई है। पुलिस घटना के साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह रही है।

