नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में आयुक्त उच्च शिक्षा मध्य प्रदेश शासन के आदेश अनुसार नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार दिनांक 18.04.2026 को कौशल विकास उद्यमिता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के द्वारा रिबन काटकर किया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्राओं में स्वरोजगार की भावनाओं को बढ़ावा देना तथा फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में उनकी रचनात्मक प्रतिभा को एक मंच प्रदान करना है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के समय में उद्यमिता कौशल छात्राओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम है। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के परिधान, हैंडमेड, कढ़ाईदार वस्त्र और आधुनिक डिज़ाइन प्रस्तुत किए गए। इन उत्पादों को स्थानीय छात्राओं और उभरते डिजाइनरों द्वारा तैयार किया गया था, इस तरह के आयोजन उन्हें अपनी कला को पहचान दिलाने और व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. कंचन ठाकुर ने कहा कि फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्र में नवाचार एवं रचनात्मकता के माध्यम से छात्राएं अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकती हैं एवं यह व्यवसाय आर्थिक रूप से सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। फैशन डिजाइनिंग शिक्षिका श्रीमती नीलम चौधरी ने बताया कि इस प्रदर्शनी में छात्राओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के पारंपरिक एवं आधुनिक डिजाइन के परिधानों का प्रदर्शन किया गया विशेष रूप से भारतीय पारंपरिक कला एवं आधुनिक फैशन का संबंध में दर्शाने वाले डिजाइनों को दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर छात्राओं ने अपने परिधानों की मार्केटिंग मूल्य निर्धारण और प्रस्तुतीकरण की जानकारी भी दी। जिससे उनके व्यावसायिक कौशल का विकास हुआ। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव साबित हुई जिसने उन्हें न केवल रचनात्मक बल्कि उद्यमिता की दिशा में भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. संगीता अहिरवार, डॉ. हर्षा चचाने, डॉ. रागिनी सिकरवार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। समिति के सदस्य श्रीमती देवहूति खंडाइत एवं श्रीमती प्रीति ठाकुर का विशेष योगदान रहा। फैशन डिजाइनिंग की छात्राएं पूनम मेहरा, शिवानी चौहान, निकिता, शिवानी गौर, काजल, अनुष्का, विशाखा, नेहा पूनम केवट, प्राची, वंदना, रजनी ने इस प्रदर्शनी में भाग लिया एवं अधिक संख्या में छात्राएं उपस्थित रही।

