
नर्मदापुरम / जिले में गेहूं उपार्जन प्रक्रिया को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक्टिव भारत मंच के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला मंत्री प्रांशु राने (अप्रतिम) द्वारा मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। यह ज्ञापन कलेक्टर नर्मदापुरम के माध्यम से भेजा गया।
ज्ञापन में राज्य शासन द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही उपार्जन व्यवस्था एवं पारदर्शी प्रणाली की सराहना करते हुए, जमीनी स्तर पर आ रही कुछ व्यावहारिक एवं तकनीकी चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया है।
किसानों से प्राप्त सुझावों के आधार पर स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने तथा उपलब्ध क्षमता के अनुसार अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध कराने का निवेदन किया गया है। साथ ही 5 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसानों के लिए भी स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया को सुचारू रूप से शुरू करने का आग्रह किया है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा, जिन किसानों का पंजीयन तकनीकी कारणों से “सैटेलाइट असत्यापित” दर्शा रहा है, उनके लिए त्वरित मैन्युअल सत्यापन की व्यवस्था करने की माँग की है, जिससे वे भी उपार्जन प्रक्रिया का लाभ ले सकें।
ज्ञापन मे विशेष परिस्थितियों जैसे परिवार में विवाह आदि होने पर किसानों को प्राथमिकता देने हेतु मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का सुझाव भी दिया है।
प्रांशु राने ने विश्वास व्यक्त किया है कि शासन एवं प्रशासन द्वारा इन सुझावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे किसानों को और अधिक सुविधा मिलेगी तथा उपार्जन व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।

