
सिवनी मालवा / नगर में कन्या महाविद्यालय के नए भवन निर्माण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में एमपीबीडीसी के अधिकारियों, कॉन्ट्रैक्टर एवं तकनीकी टीम द्वारा बीज निगम परिसर में सेंट्रल स्कूल के पीछे प्रस्तावित स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य उमेश धुर्वे एवं नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन की विशेष उपस्थिति रही। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन की सक्रियता स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जहां उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, भविष्य की जरूरतों और व्यवस्थाओं को लेकर मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए।
दो मंजिला अत्याधुनिक भवन में मिलेंगी सभी आधुनिक सुविधाएं….
लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन प्रारंभिक चरण में दो मंजिला होगा। प्रस्तावित डिजाइन के अनुसार इसमें आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं एवं कॉन्फ्रेंस हॉल का निर्माण किया जाएगा। भवन को नवीनतम तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे छात्राओं को उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सके।
जलभराव से निपटने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम पर जोर
स्थल की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए निर्माण में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए विशेष ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन ने इस विषय पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की जल निकासी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए अभी से प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार होगा मजबूत आधार……
निरीक्षण के उपरांत आयोजित चर्चा में नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन ने स्पष्ट रूप से कहा कि आने वाले समय में महाविद्यालय भवन में दो से तीन अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण संभव है। ऐसे में वर्तमान निर्माण कार्य को इस प्रकार किया जाए कि भवन का बेस मजबूत और दीर्घकालिक हो, ताकि भविष्य में विस्तार कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जिम्मेदार अधिकारियों और तकनीकी टीम की रही उपस्थिति…..
इस अवसर पर एमपीबीडीसी के मैनेजर मोहित जाटव, कॉन्ट्रैक्टर संजय नरकुम, आर्किटेक्ट सुनील बुंदेला, प्राचार्य उमेश धुर्वे एवं नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
क्षेत्र की छात्राओं को मिलेगा बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण….
कन्या महाविद्यालय के नए भवन के निर्माण से क्षेत्र की बेटियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे शिक्षा के स्तर में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
संस्कृति परिवार की भी सक्रिय भूमिका….
कन्या महाविद्यालय की स्वीकृति मिलने के बाद से ही संस्कृति परिवार द्वारा इस परियोजना को साकार करने में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई गई है। भवन के लिए उपयुक्त स्थान चयन से लेकर विभिन्न आवश्यक प्रक्रियाओं एवं समन्वय में संस्कृति परिवार का विशेष योगदान रहा है। संस्था के सदस्यों ने लगातार प्रयास करते हुए महाविद्यालय के शीघ्र निर्माण और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई है।

