
इटारसी / उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एन. सी.सी. द्वारा “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” के अंतर्गत “स्वास्थ्य एवं पोषण” विषय पर व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी से डॉ. जयश्री बाथम उपस्थित थी। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. हरप्रीत रंधावा ने बताया कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं स्वच्छ जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पौष्टिक भोजन अपनाने एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। डॉ. जयश्री बाथम ने अपने व्याख्यान में स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और स्वच्छता स्वस्थ जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को हरी सब्जियों, फल, दाल, दूध एवं पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेने की सलाह दी। साथ ही फास्ट फूड एवं जंक फूड से दूर रहने और नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया। रा.से.यो. प्रभारी कु. नीतू अहिरवार ने कहा कि छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने एवं सेवा भाव को विकसित करने पर जोर दिया। डॉ. संजय आर्य ने बताया कि स्वास्थ्य एवं पोषण प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा इस प्रकार के कार्यक्रमों को जागरूकता बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर सभी प्राध्यापकगण एवं अधिक संख्या में छात्राओं ने भाग लिया और स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। अंत में सभी का आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

