

जमानी, नर्मदापुरम। जिला शिक्षा केंद्र नर्मदापुरम की ‘नीर पखेरू’ योजना के तहत सीएसी जमानी राजकुमार बघेल ने अपने घर की छत पर पक्षियों के लिए आवास, दाना और पानी की व्यवस्था कर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। नियमित देखरेख और संवेदनशील प्रयासों का परिणाम यह हुआ कि चिड़ियों ने यहां घोंसला बनाया, अंडे दिए और अब उनकी आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह-शाम घर की छत पर पक्षियों की चहचहाहट से वातावरण जीवंत हो उठा है। बघेल ने बताया कि भीषण गर्मी में पक्षियों को बचाने के लिए यदि हर व्यक्ति अपने घर, आंगन या छत पर दाना-पानी की व्यवस्था करे, तो लुप्त होती चिड़ियाँ फिर से हमारे आसपास लौट सकती हैं। स्थानीय स्तर पर यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है, बल्कि लोगों को जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा भी दे रही है। इस छोटे-से प्रयास ने यह साबित कर दिया है कि प्रकृति से जुड़ाव और नियमित देखभाल से पक्षियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाया जा सकता है।

