
सिवनी मालवा / कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर तहसीलदार से मुलाकात कर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मिलने के लिए समय दिलाने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें किसानों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
ज्ञापन में बताया गया कि जिन किसानों ने अपनी उपज खुली मंडी में समर्थन मूल्य से कम दाम पर बेची है, उन्हें अंतर राशि का भुगतान सरकार के द्वारा किसानों के सीधे खाते में डाला जाए। साथ ही सिवनी मालवा क्षेत्र में आगजनी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए तत्काल 2 फायर वाहन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
दीपक दीक्षित ने नर्मदापुरम जिले में किसानों पर पराली जलाने के दर्ज मामलों को समाप्त करने और किसानों को जुर्माने से मुक्त करने की भी मांग रखी। इसके अलावा गेहूं के समर्थन मूल्य को बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति क्विंटल करने, खाद-बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को 10-12 घंटे नियमित विद्युत आपूर्ति देने की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पिछली बार मुख्यमंत्री के नगर आगमन पर जनता से किए गए वादे में सिवनी मालवा को स्टेडियम निर्माण की सौगात प्राप्त हुई थी। किंतु वह स्टेडियम आज दिनांक तक सिर्फ घोषणा में ही अटका पड़ा हुआ है। जिसे शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की भर्ती, आवश्यक मशीनों की उपलब्धता और तत्काल 2 एम्बुलेंस प्रदान करने तथा आवश्यक सुविधा बढ़ाने की मांग भी की गई।
ओर शासकीय स्कूलों में अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षा स्तर सुधारने की बात कही गई। ओर साथ ही दीपक दीक्षित ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि सिवनी मालवा विधानसभा में जितने भी घटिया रोड़ों का निर्माण हो रहा है उन सबकी जांच की जाए ।
अंत में दीपक दीक्षित ने कहा कि यदि हमें माननीय मुख्यमंत्री से मिलने का समय नहीं दिया जाता है और जनसमस्याओं को लेकर की गई हमारी मांगों को नजरअंदाज किया जाता है तो समस्त कांग्रेस पार्टी विरोध दर्ज करने में भी सक्षम हैं।
ज्ञापन सौंपते समय कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुदेश शर्मा, हैरिसन स्वामी, पिंटू रघुवंशी, पृथ्वीराज रघुवंशी, कृष्णकांत, दीपक दीक्षित आदि सम्मिलित रहे।

